TIMES7NEWS - कमिश्नरेट कानपुर नगर के पश्चिम जोन साइबर क्राइम सेल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी के शिकार दो पीड़ितों के कुल 1 लाख 90 हजार रुपये वापस कराए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई की लोगों द्वारा सराहना की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस उपायुक्त पश्चिम एस.एम. कासिम आबिदी के निर्देशन में साइबर अपराधों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में साइबर क्राइम सेल पश्चिम जोन को अतिन्द्र भट्टाचार्य द्वारा साइबर ठगी की शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत मिलते ही टीम ने संबंधित बैंक और तकनीकी माध्यमों से समन्वय स्थापित कर त्वरित कार्रवाई करते हुए 1 लाख 30 हजार रुपये वापस कराए।
वहीं दूसरी पीड़िता प्रतिभा सिंह की शिकायत पर भी साइबर क्राइम टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए ठगी गई पूरी 60 हजार रुपये की धनराशि उनके खाते में वापस कराई। पीड़ितों ने पुलिस की तत्परता और कार्यशैली की प्रशंसा की है।
इस अभियान में साइबर क्राइम सेल प्रभारी उपनिरीक्षक शुभम यादव, हेड कांस्टेबल राजीव कुमार, कांस्टेबल अभिषेक यादव, कांस्टेबल रॉबिन सिंह एवं कांस्टेबल मुन्ना सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने जनहित में अपील करते हुए कहा है कि किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें और किसी अनजान व्यक्ति से ओटीपी, डेबिट/क्रेडिट कार्ड संबंधी जानकारी साझा न करें। साथ ही लालच भरे ऑफर, लॉटरी और डिजिटल अरेस्ट कॉल से सावधान रहने की सलाह दी गई है।