वर्षों पुरानी मांग पूरी, वार्ड 95 में नाली निर्माण कार्य का हुआ शुभारंभ

TIMES7NEWS - कानपुर। वार्ड 95  के-ब्लॉक, यशोदा नगर में वर्षों से लंबित नाली निर्माण की मांग आखिरकार पूरी होती नजर आई। क्षेत्र में नाली न होने के कारण सड़कों पर पानी भराव की समस्या बनी रहती थी, जिससे डामर सड़कें गड्ढों में तब्दील हो चुकी थीं और आए दिन हादसे होते रहते थे।



शुक्रवार देर शाम क्षेत्रीय लोगों की मौजूदगी में महिला पार्षद सौम्या शुक्ला ने बाबा ओंकारेश्वर मंदिर प्रांगण में भूमि पूजन और नारियल फोड़कर नाली निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

पार्षद पति अंकित शुक्ला ने बताया कि 60 फीट रोड के दोनों ओर नाली का निर्माण कराया जाएगा, जिसकी अनुमानित लंबाई करीब 145 वर्ग मीटर बताई जा रही है। उन्होंने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष एवं क्षेत्रीय विधायक सतीश महाना के प्रतिनिधित्व में क्षेत्र के विकास कार्य लगातार कराए जा रहे हैं।


भूमि पूजन के बाद क्षेत्रवासियों ने एक-दूसरे को लड्डू खिलाकर खुशी जाहिर की। स्थानीय लोगों का कहना है कि नाली निर्माण होने से जलभराव की समस्या खत्म होगी और सड़कें भी सुरक्षित रहेंगी।

Previous Post Next Post