यमुना में नाव पलटने से दर्दनाक हादसा पांच बच्चों समेत 9 डूबे, 3 सुरक्षित निकाले गए; 6 लापता

TIMES7NEWS - हमीरपुर, संवाददाता।                    जिले में बुधवार देर शाम यमुना नदी में नाव पलटने से बड़ा हादसा हो गया। बीच धारा में संतुलन बिगड़ने से नाव डूब गई, जिससे उसमें सवार पांच बच्चों समेत नौ लोग नदी में समा गए। हादसे में नाविक सहित तीन लोग किसी तरह बाहर निकल आए, जबकि छह लोग अब भी लापता हैं।

जानकारी के अनुसार, कोतुपुर पटिया गांव निवासी श्रीपाल की बेटी की शादी मंगलवार को हुई थी। बुधवार को विदाई के बाद परिवार के सदस्य खरबूजे के खेत पर गए थे। देर शाम करीब साढ़े आठ बजे सभी लोग नाव से वापस लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।

बताया जा रहा है कि नाविक विष्णु नाव चलाते समय खड़े होकर मोबाइल फोन पर बात करने लगा। इसी दौरान नाव असंतुलित हो गई और बीच धारा में पलट गई। नाविक विष्णु तैरकर बाहर निकल आया, जबकि श्रीपाल का पुत्र रिंकू और किशोरी पारुल को भी सुरक्षित बचा लिया गया।

नाव में सवार अन्य लोगों में मनकी निवासी ब्रजरानी, 9 वर्षीय रानी, आकांक्षा, 5 वर्षीय लव्यांश, घाटमपुर निवासी महेश के 5 वर्षीय पुत्र गोरेलाल व 11 वर्षीय पुत्र आदित्य सहित अन्य लोग शामिल थे, जो लापता बताए जा रहे हैं।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन व राहत टीम मौके पर पहुंच गई। लापता लोगों की तलाश के लिए सर्च अभियान जारी है। वहीं, घायलों को 108 एंबुलेंस से कुरारा सीएचसी ले जाया गया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

Previous Post Next Post