कानपुर: पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर की पति की हत्या, पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा

TIMES7NEWS : कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र में एक राज मिस्त्री की हत्या का पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। इस मामले में मृतक की पत्नी ही मुख्य आरोपी निकली, जिसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक आशीष शर्मा (52 वर्ष), पुत्र रामसजीवन उर्फ राजेश शर्मा, मूल रूप से हमीरपुर जनपद के गांधी नगर नई बस्ती, कालपी चौराहा थाना कोतवाली क्षेत्र का निवासी था। वह कानपुर के श्याम नगर स्थित PAC मोड़ बाईपास पर एक मेडिकल स्टोर के ऊपर किराए के मकान में अपने परिवार के साथ रह रहा था।

बताया जा रहा है कि 1/2 अप्रैल की रात अज्ञात लोगों द्वारा आशीष शर्मा की गला दबाकर हत्या कर दी गई। 2 अप्रैल को जब उनका मोबाइल फोन बंद मिला, तो उनके पुत्र को संदेह हुआ और वह किराए के मकान पर पहुंचा। वहां पिता का शव मिलने पर उसने चकेरी पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस और सर्विलांस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, जहां रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या की पुष्टि हुई। इसके बाद 5 अप्रैल को मृतक के साले ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ थाना चकेरी में मुकदमा दर्ज कराया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने ऑपरेशन "त्रिनेत्र" के तहत आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। फुटेज में मृतक की पत्नी को एक अज्ञात व्यक्ति के साथ घर में प्रवेश करते और फिर उसके साथ बाहर निकलते देखा गया। इस आधार पर पुलिस का शक गहराया।

पुलिस ने जब पत्नी आरती शर्मा से सख्ती से पूछताछ की, तो पूरे मामले का खुलासा हो गया। जांच में सामने आया कि आरती शर्मा ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची थी। दोनों ने मिलकर आशीष शर्मा का गला दबाकर उसे मौत के घाट उतार दिया।

पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके प्रेमी की तलाश जारी है। मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है और लोग स्तब्ध हैं।

Previous Post Next Post