बर्रा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 25 हजार का इनामी बदमाश ‘मुसीबत’ गिरफ्तार
TIMES7NEWS - कानपुर के बर्रा थाना क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। लंबे समय से फरार चल रहे 25,000 रुपये के इनामी अपराधी हिमांशु शर्मा उर्फ साहिल शर्मा उर्फ “मुसीबत” को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर कई संगीन धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं और वह क्षेत्र में दहशत का पर्याय बन चुका था।
डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त एक शातिर किस्म का अपराधी है, जो कई आपराधिक घटनाओं में शामिल रहा है। हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में एक व्यक्ति के साथ अमानवीय व्यवहार और मारपीट की घटना सामने आई थी, जिसमें भी आरोपी की संलिप्तता पाई गई थी। इस मामले में बर्रा थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई थी।
इसके अलावा, कुछ दिन पहले वरदान गैलेक्सी होटल के पास पुलिस टीम पर हुई फायरिंग की घटना में भी यह आरोपी शामिल था। उस दौरान 15–20 बदमाशों ने पुलिस पर हमला कर मौके से फरार हो गए थे।
पुलिस के अनुसार, हिमांशु उर्फ साहिल उर्फ मुसीबत के खिलाफ विभिन्न थानों में चार मुकदमे दर्ज हैं और वह कई बार जेल भी जा चुका है। अब उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट और गुंडा एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की जा रही है।
इस गिरफ्तारी को प्रभारी निरीक्षक रविंद्र कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में गठित टीम ने अंजाम दिया। टीम में उप निरीक्षक समर सिंह, पवन कुमार सिंह, विकास सिंह, मनीष कुमार, महिला उप निरीक्षक स्मृति वर्मा और सुनीता यादव शामिल रहीं।
इस सराहनीय कार्य के लिए डीसीपी साउथ ने पूरी पुलिस टीम को 25,000 रुपये के पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है।
