कानपुर में अवैध हुक्का बार पर पुलिस का बड़ा एक्शन, संचालक गिरफ्तार, मुख्य सरगना फरार
TIMES7NEWS कानपुर। शहर में युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले अवैध हुक्का बारों के खिलाफ कमिश्नरेट पुलिस का अभियान लगातार तेज हो रहा है। इसी क्रम में हनुमंत विहार पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर एक अवैध हुक्का बार पर छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की, जिससे अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया।
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने मिल्लत नगर निवासी 19 वर्षीय अंकित अग्रवाल को मौके से गिरफ्तार कर लिया। छापेमारी के दौरान हुक्का और तंबाकू से संबंधित सामान भी बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 271 और 272 के साथ-साथ सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम (कोटपा) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। वहीं, हुक्का बार का मुख्य संचालक सौरभ सविता पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
छापेमारी के दौरान हुक्का पीते मिले नौ लोगों के खिलाफ जिला तंबाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ की ओर से चालानी कार्रवाई की गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में अवैध हुक्का बारों और नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।
नशे के कारोबारियों पर कमिश्नरेट पुलिस का शिकंजा
हनुमंत विहार पुलिस की इस कार्रवाई से साफ संकेत गया है कि कानपुर में अवैध हुक्का बार और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले कारोबारियों के खिलाफ पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। फरार मुख्य सरगना की तलाश में पुलिस की टीमें सक्रिय हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार किए जाने की उम्मीद जताई जा रही है।
