18 जून को कानपुर आएंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, कृषि विश्वविद्यालय समेत कई कार्यक्रमों में होंगे शामिल
TIMES7NEWS - कानपुर। उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ 18 जून 2026 को कानपुर नगर के दौरे पर रहेंगे। जिलाधिकारी कार्यालय (प्रोटोकॉल अनुभाग) द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री का आगमन और प्रस्थान चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, कानपुर से होगा। दौरे के दौरान वह विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे और कई स्थलों का निरीक्षण करेंगे।
जारी कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह 11:50 बजे सीएसए कृषि विश्वविद्यालय पहुंचेंगे। इसके बाद 11:55 बजे सीएसए परिसर में आयोजित प्रदर्शनी स्थल का अवलोकन करेंगे। दोपहर 12:15 बजे प्राकृतिक खेती कार्यशाला एवं समाचार कार्यक्रम में भाग लेंगे। 1:20 बजे गृह विज्ञान महाविद्यालय पहुंचेंगे तथा 1:55 बजे उद्योग सभागार स्थित एमएसएमई परिसर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। अपराह्न 3:40 बजे मुख्यमंत्री का प्रस्थान निर्धारित है।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन और कमिश्नरेट पुलिस को आवश्यक सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं के निर्देश जारी किए गए हैं। नगर निगम को कार्यक्रम स्थलों और मार्गों पर विशेष साफ-सफाई, पेयजल और अन्य नागरिक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति, स्वास्थ्य विभाग को चिकित्सकों, एंबुलेंस और जीवनरक्षक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है।
इसके अलावा परिवहन, अग्निशमन, खाद्य सुरक्षा, लोक निर्माण, जल संस्थान, विद्युत सुरक्षा तथा अन्य संबंधित विभागों को भी मुख्यमंत्री के दौरे के मद्देनजर आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश जारी किए गए हैं। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
