कानपुर कमिश्नरेट में क्राइम मीटिंग संपन्न, पुलिस कमिश्नर का सख्त संदेश

कानपुर। कमिश्नरेट पुलिस में शनिवार को पुलिस कमिश्नर की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण क्राइम मीटिंग आयोजित की गई। बैठक में शहर के सभी जोन के डीसीपी, एसीपी एवं थाना प्रभारियों को कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश दिए गए।
पुलिस कमिश्नर ने स्पष्ट कहा कि अपराध नियंत्रण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विशेष रूप से मादक पदार्थों की बिक्री पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ प्रभावी अभियान चलाया जाए।

बैठक में किडनी खरीद-फरोख्त जैसे गंभीर मामले में सराहनीय कार्य करने पर डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी की प्रशंसा की गई। साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ सघन अभियान जारी रखने के आदेश दिए गए।इसके अतिरिक्त चाइनीज मांझा बेचने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश भी जारी किए गए, ताकि आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

मीटिंग के दौरान थाना महाराजपुर एवं सेन पश्चिम पारा को विशेष चेतावनी दी गई। वहीं महिला अपराध से जुड़े मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए नौबस्ता, महाराजपुर, बिधनू, शिवराजपुर, सचेंडी, पनकी, कल्याणपुर, काकादेव और किदवई नगर थानों को प्राथमिकता के आधार पर कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।इसके अलावा गैंगस्टर एक्ट, गुंडा एक्ट एवं नारकोटिक्स मामलों में अपेक्षित कार्रवाई न करने पर चकेरी, नरवल, रेल बाजार, बाबूपुरवा और ग्वालटोली थाना प्रभारियों को कड़ी चेतावनी दी गई।

पुलिस कमिश्नरेट ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि अब अपराधियों के साथ-साथ लापरवाह पुलिस कर्मियों पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Previous Post Next Post