कानपुर में पत्रकारों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, सीपीआर प्रशिक्षण भी दिया गया

कानपुर, संवाददाता।

शहर के न्यू हामिद हॉस्पिटल में समाजसेवा की एक सराहनीय पहल के तहत पत्रकारों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। डॉक्टर मुबारक के सौजन्य से आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में पत्रकारों ने भाग लिया और अपने स्वास्थ्य की जांच कराई।



शिविर के दौरान पत्रकारों को सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण के साथ-साथ आवश्यक चिकित्सीय परामर्श भी प्रदान किया गया। साथ ही उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के लिए महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की गईं, जिससे वे अपने व्यस्त जीवन में भी स्वास्थ्य का ध्यान रख सकें।

कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि डॉक्टर गयासुद्दीन मोहम्मद ने उपस्थित पत्रकारों को सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) का प्रशिक्षण दिया। उन्होंने बताया कि फील्ड में सक्रिय रहने वाले पत्रकार किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सीपीआर देकर किसी व्यक्ति की जान बचा सकते हैं। इस प्रशिक्षण को पत्रकारों ने बेहद उपयोगी और जीवनरक्षक बताया।

https://youtu.be/aAbpUeWw9j8

आईरा प्रेस क्लब के राष्ट्रीय अध्यक्ष फैसल हयात, राष्ट्रीय सचिव नदीम सिद्दीकी, जिलाध्यक्ष एसपी विनायक, महामंत्री सूरज कश्यप समेत अनेक पत्रकार इस अवसर पर मौजूद रहे और इस पहल की सराहना की।

डॉक्टर मुबारक ने कहा कि समाज के हर वर्ग तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है और पत्रकारों के लिए यह शिविर उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।

यह आयोजन न केवल स्वास्थ्य लाभ प्रदान करने वाला रहा, बल्कि आपात स्थिति में जीवन बचाने के प्रति जागरूकता फैलाने में भी एक अहम कदम साबित हुआ।

Previous Post Next Post