कानपुर में सम्राट पृथ्वीराज चौहान के सम्मान की गूंज! स्मारक पुनर्स्थापना की मांग को लेकर निकली प्रार्थना यात्रा, मशाल जुलूस में लिया सम्मान बचाने का संकल्प
TIMES7NEWS/ संवाददाता कानपुर। सम्राट पृथ्वीराज चौहान स्मारक की पुनर्स्थापना की मांग अब जनभावनाओं और जनआंदोलन का रूप लेती नजर आ रही है। शनिवार को केशवपुरम स्थित धरना स्थल से जलेश्वर महादेव के दर्शन, प्रार्थना और आशीर्वाद यात्रा के साथ भव्य मशाल जुलूस निकाला गया। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और क्षेत्रीय नागरिकों ने सहभागिता कर ऐतिहासिक महापुरुष के सम्मान की आवाज बुलंद की।
यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने जलेश्वर महादेव के दरबार में दंडवत नमन कर क्षेत्र में सुख-शांति, सामाजिक एकता और पूर्वजों के सम्मान की रक्षा के लिए प्रार्थना की। इसके बाद मशाल जुलूस के माध्यम से सम्राट पृथ्वीराज चौहान के स्मारक को पुनः स्थापित कराने का संकल्प दोहराया गया।
इस दौरान वक्ताओं ने दो टूक कहा कि सम्राट पृथ्वीराज चौहान केवल एक ऐतिहासिक योद्धा नहीं, बल्कि शौर्य, स्वाभिमान और राष्ट्रनिष्ठा के प्रतीक हैं। ऐसे महापुरुष के स्मारक का सम्मान और संरक्षण समाज की ऐतिहासिक जिम्मेदारी है।
वक्ताओं ने कहा कि चौराहे से स्मारक हटाए जाने से क्षेत्रीय नागरिकों और समाज के लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। यह मांग किसी विवाद या टकराव की नहीं, बल्कि इतिहास और महापुरुष के सम्मान को पुनः स्थापित करने की है।
मशालों की रोशनी के बीच गूंजते नारों और सम्मान के संकल्प ने आंदोलन को नई ऊर्जा दी। आयोजकों ने स्पष्ट किया कि जब तक सम्राट पृथ्वीराज चौहान के स्मारक की पुनर्स्थापना की मांग पूरी नहीं होती, तब तक लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से जनजागरण का अभियान जारी रहेगा।
