नौबस्ता में व्यापारी ने फांसी लगाकर दी जान, घर में चलने वाला मेडिकल उपकरण कारखाना बंद होने से थे परेशान!

पड़ोसी की शिकायत पर प्रशासन ने बंद कराया था कारखाना, भाई ने मुकदमों और आर्थिक तंगी के चलते तनाव में रहने का लगाया आरोप



TIMES7NEWS | कानपुर।

कानपुर के नौबस्ता थाना क्षेत्र के यशोदा नगर में एक व्यापारी की मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। ओ ब्लॉक निवासी 42 वर्षीय प्रदीप सिंह ने बृहस्पतिवार देर शाम अपने घर की दूसरी मंजिल पर बने कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। वह घर में ही मेडिकल उपकरण बनाने का कारखाना संचालित करते थे। परिजनों के मुताबिक, पड़ोसी की शिकायत के बाद प्रशासन ने कारखाना बंद करा दिया था, जिसके चलते उनकी आमदनी का जरिया भी बंद हो गया था।

मृतक के छोटे भाई ने आरोप लगाया कि कारखाना बंद कराने के बाद पड़ोसी ने प्रदीप सिंह के खिलाफ मारपीट और छेड़छाड़ के मुकदमे भी दर्ज कराए थे। वर्ष 2024 में छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज होने के बाद से वह कानूनी विवादों में उलझे हुए थे। भाई का कहना है कि कारोबार बंद होने और मुकदमों के चलते प्रदीप लगातार मानसिक तनाव में रह रहे थे।

परिवार में पत्नी रिंकू और दो बेटियां पलक व पीहू हैं। बृहस्पतिवार देर शाम प्रदीप दूसरी मंजिल पर बने कमरे में चले गए। काफी देर तक नीचे नहीं लौटे तो पत्नी उन्हें देखने पहुंचीं। कमरे का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। प्रदीप का शव चादर के सहारे पंखे से लटका हुआ मिला। परिवार में चीख-पुकार मच गई और सूचना पुलिस को दी गई।

सूचना पर नौबस्ता पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल की जांच-पड़ताल के साथ पुलिस ने मृतक का मोबाइल फोन भी कब्जे में लिया है।

नौबस्ता थाना प्रभारी बहादुर सिंह ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की है। परिजनों की तहरीर मिलने पर मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

कारखाना बंद होने और कानूनी विवादों के बीच व्यापारी की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अब घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। 

Previous Post Next Post