अब कानपुर में मखाना की खेती से बढ़ेगी किसानों की आय, उद्यान विभाग ने शुरू किया विशेष अभियान
तालाब, उथले खेत और जलभराव वाले क्षेत्रों में होगी मखाना की खेती, किसानों को मिलेगा नि:शुल्क प्रशिक्षण और तकनीकी सहयोग
कानपुर।TIMES7NEWS
कानपुर के किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से उद्यान विभाग ने जिले में मखाना की खेती को बढ़ावा देने की पहल शुरू की है। जिला उद्यान अधिकारी उमेश चंद्र उत्तम ने बताया कि सरकार की योजना के तहत किसानों को मखाना उत्पादन के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। विशेष रूप से तालाबों, उथले खेतों और जलभराव वाले क्षेत्रों में इसकी खेती कर किसान अतिरिक्त आय अर्जित कर सकते हैं।
विभाग के अनुसार मखाना एक उच्च मूल्य की नकदी फसल है, जिसकी मांग लगातार बढ़ रही है। यह फसल 7 से 8 माह में तैयार होती है और प्रति हेक्टेयर लगभग 10.79 लाख रुपये तक का उत्पादन मूल्य तथा करीब 10.32 लाख रुपये तक की शुद्ध आय देने की क्षमता रखती है।
उद्यान विभाग जिले में 35 प्रदर्शन प्लॉट स्थापित करेगा। किसानों को नि:शुल्क प्रशिक्षण, तकनीकी मार्गदर्शन, बीज उपलब्ध कराने और विपणन संबंधी सहायता भी दी जाएगी, ताकि वे आधुनिक तकनीकों के माध्यम से बेहतर उत्पादन प्राप्त कर सकें।
जिला उद्यान अधिकारी ने बताया कि परंपरागत खेती के साथ-साथ किसान वैकल्पिक आय के लिए मखाना उत्पादन अपनाएं। इच्छुक किसान जिनके पास तालाब, उथले खेत अथवा जलभराव वाली भूमि है, वे जिला उद्यान कार्यालय से संपर्क कर योजना का लाभ उठा सकते हैं।
विभाग ने योजना के तहत विभिन्न मदों में अनुदान की भी व्यवस्था की है। इच्छुक किसानों को विभाग द्वारा नि:शुल्क प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा तथा अधिक जानकारी के लिए जिला उद्यान कार्यालय, कानपुर नगर से संपर्क किया जा सकता है।
