मुहर्रम से पहले घाटमपुर में पुलिस का फुल अलर्ट, डीसीपी दक्षिण ने संभाला मोर्चा

TIMES7NEWS : कानपुर। आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए कमिश्नरेट पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रही है। शुक्रवार को पुलिस उपायुक्त दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी ने घाटमपुर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए खुद मोर्चा संभाला और अधिकारियों के साथ तैयारियों की बारीकी से समीक्षा की।



थाना घाटमपुर में आयोजित पीस कमेटी की बैठक में ताजियादारों, धर्मगुरुओं और गणमान्य नागरिकों के साथ संवाद कर डीसीपी दक्षिण ने भाईचारे और आपसी सौहार्द के साथ मुहर्रम मनाने की अपील की। साथ ही सभी से प्रशासन की गाइडलाइंस का पालन करने का आह्वान किया।

इसके बाद पुलिस टीम ने प्रस्तावित जुलूस मार्ग और संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण किया। कर्बला मुहर्रम मैदान पहुंचकर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग और आवागमन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

डीसीपी दक्षिण ने थाना घाटमपुर के नवीन भवन का निरीक्षण करते हुए कार्यालय व्यवस्था, कारागार और त्योहार रजिस्टर की भी समीक्षा की। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि आगामी पर्वों को देखते हुए सभी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं।

पुलिस प्रशासन ने साफ संदेश दिया है कि कानून व्यवस्था से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आमजन से अफवाहों से दूर रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई। मुहर्रम को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के लिए कमिश्नरेट पुलिस पूरी मुस्तैदी के साथ मैदान में डटी हुई है।

Previous Post Next Post