कानपुर में पुलिस का व्यापक फ्लैग मार्च, सुरक्षा व्यवस्था का लिया गया जायजा

TIMES7NEWS - कानपुर। जनपद में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से गुरुवार को पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल के निर्देशन तथा अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. विपिन ताडा के पर्यवेक्षण में व्यापक फ्लैग मार्च निकाला गया।



इस दौरान पूर्वी जोन के थाना चकेरी पुलिस ने जनपदीय एटीएस टीम के साथ तथा सेन्ट्रल जोन के थाना अनवरगंज पुलिस ने जनपदीय क्यूआरटी एवं स्थानीय पुलिस बल के साथ अपने-अपने थाना क्षेत्रों में संयुक्त फ्लैग मार्च किया। फ्लैग मार्च थाना प्रभारियों के नेतृत्व में प्रमुख मार्गों, भीड़भाड़ वाले बाजारों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में निकाला गया।



पुलिस टीमों ने पैदल एवं वाहन गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और आमजन में सुरक्षा का भरोसा पैदा किया। अभियान के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन चेकिंग भी की गई। साथ ही व्यापारियों, राहगीरों एवं स्थानीय लोगों से संवाद स्थापित कर उन्हें किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने के लिए जागरूक किया गया।

पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी आपात स्थिति में पुलिस की सहायता लेने की अपील की। पुलिस का कहना है कि जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे। 

Previous Post Next Post