कानपुर में 1.49 करोड़ की साइबर ठगी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

कानपुर, संवाददाता:
साइबर सेल एवं थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने ऑनलाइन ठगी के एक बड़े मामले का सफल अनावरण करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने जिस कंपनी में कार्य किया, उसी के “गुल्लक खाते” से लगभग 1.49 करोड़ रुपये का गबन कर विभिन्न खातों एवं UPI माध्यम से साइबर धोखाधड़ी को अंजाम दिया।

इस मामले में थाना काकादेव में संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने राहुल कुशवाहा (22), निवासी मथुरा नगर रावतपुर गांव, एवं विशाल कनौजिया (28), निवासी रावतपुर गांव को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन, लैपटॉप, टैबलेट एवं नगदी बरामद की गई है। साइबर सेल सेंट्रल जोन एवं काकादेव पुलिस की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए यह सफलता हासिल की।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है तथा अन्य संभावित आरोपियों की तलाश की जा रही है।
Previous Post Next Post