घर में सजाया था पटाखों का अवैध जखीरा, नौबस्ता पुलिस ने आरोपी को दबोचा
दीपावली से पहले बड़ी कार्रवाई, भारी मात्रा में आतिशबाजी के साथ देशी बम बरामद; घर के अंदर भंडारण और निर्माण का पुलिस का दावा
TIMES7NEWS कानपुर । दीपावली से पहले अवैध पटाखों के कारोबार पर नौबस्ता पुलिस ने शिकंजा कसते हुए राजीव विहार में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एक मकान में छापेमारी कर भारी मात्रा में आतिशबाजी बरामद करने के साथ करीब 50 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी घर के अंदर न केवल पटाखों का अवैध भंडारण कर रहा था, बल्कि उनका निर्माण भी किया जा रहा था।
पुलिस के अनुसार, राजीव विहार स्थित एक मकान में अवैध रूप से आतिशबाजी जमा किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना पर नौबस्ता पुलिस टीम ने मौके पर छापा मारा। तलाशी के दौरान अलग-अलग प्रकार की आतिशबाजी का बड़ा जखीरा बरामद हुआ।
पुलिस ने मौके से श्याम नारायण तिवारी उर्फ श्याम पुत्र हरिनारायण तिवारी, निवासी एमओ-09 राजीव विहार, थाना नौबस्ता, कानपुर नगर, उम्र करीब 50 वर्ष, को गिरफ्तार किया।
लाखों की आतिशबाजी का जखीरा बरामद
पुलिस के मुताबिक बरामद आतिशबाजी में क्रैकलिंग वॉर 12 शॉट, पेंटा प्लस सिंगल शॉट, सिको ईगल जूली व्हील, फ्लावर पॉट्स स्पेशल, कान्हा रोल कैप्स, 30 फेस्टिव शॉट्स, कलर कोटि, लगन 60 शॉट्स, सुप्रीम ट्राई कलर फाउंटेन, कलर रेन सुप्रीम और रेड बुल क्रैकलिंग कलर फाउंटेन समेत कई प्रकार के पटाखे शामिल हैं।
तलाशी के दौरान कमरे में अलग-अलग डिब्बों में रखे तार के नीचे से देशी बम (लहसुन) के 450 पीस भी बरामद होने का पुलिस ने दावा किया है।
त्योहार पर महंगे दामों में बेचने की तैयारी का आरोप
पुलिस के अनुसार आरोपी दीपावली के दौरान पटाखों को ऊंचे दामों पर बेचने के उद्देश्य से अवैध रूप से आतिशबाजी का भंडारण और निर्माण कर रहा था। आवासीय मकान में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील आतिशबाजी रखे जाने से गंभीर हादसे की आशंका भी बनी हुई थी।
पहले भी दर्ज हो चुका है मुकदमा
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी विस्फोटक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज रह चुका है। वर्तमान मामले में थाना नौबस्ता में मु0अ0सं0 417/2026, धारा 5/9(ख) विस्फोटक अधिनियम 1884 एवं धारा 223/288 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी बहादुर सिंह समेत नौबस्ता पुलिस टीम की भूमिका रही। पुलिस ने कहा है कि दीपावली के मद्देनजर अवैध पटाखों के भंडारण, निर्माण और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
