जैन मंदिर जा रही महिला से चेन झपटी, 24 घंटे में दोनों लुटेरे गिरफ्तार
CCTV ने खोला राज, दानिस और योगेश के कब्जे से छीनी गई चेन बरामद
TIMES7NEWS / संवाददाता – विपुल सिंह
कानपुर। रेलबाजार थाना क्षेत्र में पति के साथ स्कूटी से जैन मंदिर जा रही महिला के गले से चेन झपटकर फरार हुए बाइक सवार दो आरोपियों को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से महिला से छीनी गई चेन भी बरामद कर ली। वारदात के खुलासे में घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज अहम कड़ी बनी।
पुलिस के मुताबिक, 2 अक्टूबर 2026 को महिला अपने पति के साथ स्कूटी से जैन मंदिर जा रही थीं। इसी दौरान पीछे से बाइक सवार दो युवक पहुंचे और मौका मिलते ही महिला के गले से चेन झपट ली। वारदात के बाद दोनों आरोपी बाइक से फरार हो गए। पीड़िता की तहरीर पर रेलबाजार थाने में मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश में आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। अलग-अलग रास्तों की फुटेज में संदिग्धों की गतिविधियां सामने आने के बाद पुलिस ने उनकी पहचान करते हुए गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज कर दी।
पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दानिस और योगेश को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उनके कब्जे से महिला से छीनी गई चेन बरामद कर ली गई। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ के साथ उनके आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।
सहायक पुलिस आयुक्त छावनी प्रियंका बाजपेयी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीमों को सक्रिय किया गया। CCTV फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान हुई और 24 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर छीनी गई चेन बरामद कर ली गई।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में से एक के विरुद्ध पूर्व में SC/ST एक्ट और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।
