कानपुर देहात में 5 वर्षीय मासूम की संदिग्ध मौत से सनसनी, घर से लापता बच्चे का शव मिलने पर मचा कोहराम, नामजद आरोपी गिरफ्तार

देवीपुर डेरा गांव में खेलते-खेलते लापता हुआ था मासूम सूर्यांश, पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को भेजा जेल।

TIMES7NEWS - कानपुर देहात के सिकंदरा थाना क्षेत्र के देवीपुर डेरा गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। घर से लापता हुए पांच वर्षीय मासूम का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद गांव में मातम पसरा है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार, 5 वर्षीय सूर्यांश पुत्र हुकुम सिंह रविवार शाम घर से अचानक लापता हो गया था। परिवार के लोगों ने काफी देर तक उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। देर रात करीब 10 बजे गांव में ही संदिग्ध परिस्थितियों में मासूम का शव मिलने की सूचना मिली। शव देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में हड़कंप मच गया।

सूचना मिलते ही सिकंदरा थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया, साक्ष्य एकत्र किए गए और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

क्षेत्राधिकारी (सीओ) सिकंदरा सौरभ कुमार वर्मा ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर एक नामजद व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 38 वर्षीय महावीर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

मासूम की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। गांव में शोक का माहौल है और लोग इस घटना से स्तब्ध हैं। वहीं, पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है ताकि घटना की सच्चाई सामने लाई जा सके।



Previous Post Next Post