महाराजपुर के पुरवामीर में दर्दनाक हादसा: बोरवेल में गिरी 16 वर्षीय बच्ची, 7 घंटे के रेस्क्यू के बाद भी नहीं बची जान

TIMES7NEWS कानपुर। महाराजपुर थाना क्षेत्र के पुरवामीर गांव में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। अपने ही घर में मौजूद गहरे बोरवेल में 16 वर्षीय बच्ची यशी अचानक गिर गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर सर्विस और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और बच्ची को बाहर निकालने के लिए करीब सात घंटे तक लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया।

बताया जा रहा है कि बच्ची करीब 20 फिट गहरे बोरवेल में जा गिरी थी। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही महाराजपुर पुलिस के साथ फायर बिग्रेड और एनडीआरएफ की संयुक्त टीम ने मोर्चा संभाला। बच्ची को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए टीमों ने कई घंटे तक कड़ी मशक्कत की।

करीब सात घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद आखिरकार बच्ची को बोरवेल से बाहर निकाल लिया गया। पुलिस और राहत टीम तत्काल उसे अस्पताल लेकर पहुंची, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद बच्ची को मृत घोषित कर दिया।

एसीपी चकेरी ने दी घटना की जानकारी



एसीपी चकेरी श्री आशुतोष कुमार सिंह के अनुसार, 28 अगस्त 2026 को थाना महाराजपुर क्षेत्र के ग्राम पूर्वा मीर में 16 वर्षीय बालिका के बोरवेल में गिरने की सूचना मिली थी। सूचना पर स्थानीय पुलिस, फायर सर्विस और एनडीआरएफ की संयुक्त टीम ने करीब सात घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और बालिका को बाहर निकाला।

अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पंचायतनामा की कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है, वहीं परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस के मुताबिक फिलहाल क्षेत्र में कानून-व्यवस्था सामान्य है। 

Previous Post Next Post